मैनपुरी में प्रधानाचार्य की दबंगई का आरोप
परीक्षा से चंद घंटे पहले छात्रा को नहीं मिला प्रवेश पत्र, डीएम कार्यालय पहुंचकर फूट-फूट कर रोई पीड़िता

संवादाता:पंकज मिश्रा

मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की दबंगई के चलते एक छात्रा को परीक्षा से महज कुछ घंटे पहले प्रवेश पत्र नहीं दिया गया, जिससे उसका भविष्य अधर में लटक गया।
पीड़ित छात्रा न्याय की गुहार लगाते हुए सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां वह फूट-फूट कर रो पड़ी। छात्रा ने बताया कि उसने समय से सभी औपचारिकताएं पूरी की थीं, इसके बावजूद प्रधानाचार्य ने बिना ठोस कारण के उसे प्रवेश पत्र देने से इनकार कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने छात्रा की बात गंभीरता से सुनी और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रधानाचार्य व जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला बाबूराम इंटर कॉलेज, आठपुरा ज्योतिं, औंछा रोड का बताया जा रहा है। घटना के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मची हुई है। फिलहाल छात्रा और उसके परिजन न्याय की आस लगाए प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।