एटा में हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दंपति घायल
जिला संवादाता काव्यांश रावत
एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में रविवार को हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक और ईको कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जनपद हाथरस निवासी कमलेश अपनी पत्नी रामप्यारी के साथ बाइक से जा रहे थे। पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव पुठिया के पास उनकी बाइक की ईको कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पुलिस ने हादसे में शामिल ईको कार को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।












