प्रतापगढ़ शौचालय में गिरने से घायल सफाई कर्मी की इलाज के दौरान मौत
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। दिलीपपुर क्षेत्र के करनपुर खूंझी गांव निवासी सफाई कर्मचारी संजय शर्मा (48) की हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार दोपहर संजय शर्मा अपने घर के शौचालय में गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गिर पड़े। आशंका जताई जा रही है कि गिरने के दौरान उनका सिर शौचालय में लगी टोटी से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी बेलखरनाथ ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रात करीब 11 बजे संजय शर्मा ने दम तोड़ दिया।
संजय शर्मा का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और शुभचिंतक शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।












