भाई ने साथी संग मिलकर भाई के घर की ज्वेलरी उड़ाई, दो गिरफ्तार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
भाई ने साथी संग मिलकर भाई के घर की ज्वेलरी उड़ाई, दो गिरफ्तार
कुंडा/प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा कस्बे में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात में पीड़ित का सगा भाई उदय कौशल और उसका साथी अंकित कौशल शामिल था। दोनों ने कर्ज चुकाने और आपसी रंजिश के चलते चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को हरिओम ज्वेलर्स के संचालक दुकान बंद करने के बाद घर में जेवरात रखकर परिवार के साथ निमंत्रण में चले गए थे। इसी दौरान आरोपितों ने घर की दूसरी मंजिल पर लगी लोहे की जाली उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली।
घटना के खुलासे के लिए जेठवारा पुलिस और स्पेशल टीम जांच में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को बरईपुर नहर पुलिया के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर सफेद रंग की वैगनआर कार से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और 81,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए कुछ आभूषण आरोपितों ने पहले ही बेच दिए थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उदय कौशल और अंकित कौशल, दोनों निवासी गुदड़ी मोहल्ला डेरवा, थाना जेठवारा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












