अलीगंज में स्वच्छता जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। माई भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता संकल्प पखवाड़ा के तहत गुरुवार को अलीगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय फरीदपुरा में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व माई भारत के अलीगंज ब्लॉक स्वयंसेवक रामजी लाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल घर और विद्यालय की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से बीमारियों से बचाव के साथ ही समाज में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय, घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
अभियान के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। बच्चों ने झाड़ू लगाकर परिसर की सफाई की तथा इधर-उधर पड़े कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान विद्यार्थियों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित होने से इसका सकारात्मक प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है।












