जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

जनसुनवाई में पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ, जरूरतमंद महिला के ऋण समाधान की हुई पहल,गाजियाबाद।दिनांक: 08.10.2026 जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुना। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण की अपेक्षा की।जनसुनवाई के दौरान भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण सहित सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने से संबंधित प्रकरण सामने आए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।जिलाधिकारी महोदय श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को शासन की विभिन्न लाभकारी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी एक योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन करता है, तो संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि वह व्यक्ति अन्य योजनाओं के लिए पात्र है अथवा नहीं। पात्रता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ भी दिलाया जाए।

प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम लोनी को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान सुभाष नगर, घूकना निवासी श्रीमती माधुरी देवी ने जिलाधिकारी को सहायता हेतु प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि उन्होंने लोनी क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था, जिस पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित थानों एवं विभागों में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। हमने आपके बारे में सुना है और मीडिया में भी देखा है कि आप गरीबों की सहायता और पीड़ितों को न्याय दिलाते हैं कृपया हमारी सहायता करें। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही उप जिलाधिकारी लोनी को प्रकरण की त्वरित जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराने के निर्देश दिए।

दिव्यांग व्यक्ति को मौके पर मिली ट्राई साइकिल, अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

शास्त्री नगर निवासी दिव्यांग श्री दुर्गेश अपनी पत्नी एवं तीन पुत्रों के साथ सहायता की अपेक्षा लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को संवेदन -शीलता से सुनते हुए मौके पर ही उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। साथ ही अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं पेंशन सहित अन्य पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने रोजगार के उद्देश्य से श्री दुर्गेश को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराए जाने पर श्री दुर्गेश एवं उनके परिवार ने आभार व्यक्त किया।

विधवा महिला के करीब 2.60 लाख रुपये के ऋण के समाधान की हुई पहल

जनसुनवाई के दौरान विजयनगर निवासी विधवा श्रीमती शीला ने जिलाधिकारी को अपनी आर्थिक समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि उनके पति ने पिछले वर्ष एक ऑटो खरीदा था, जिसके लिए ऋण लिया गया था। पति की मृत्यु हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह ऋण की किश्तों का भुगतान कर सकें। उन्होंने बताया कि उन पर लगभग 2.60 लाख रुपये का ऋण बकाया है तथा उन्होंने जिलाधिकारी से इस समस्या के समाधान में सहायता की गुहार लगाई। इस दौरान ऑल इंडिया मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन, यूपी स्टेट बोर्ड एवं उत्तर प्रदेश उद्यमी विकास संघ के अध्यक्ष श्री उपेंद्र गोयल भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने श्री उपेंद्र गोयल से मानवीय आधार पर महिला की सहायता किए जाने का अनुरोध किया। इस पर श्री उपेंद्र गोयल ने मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए स्वयं एवं संगठन के सहयोग से उक्त महिला के ऋण के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इस पहल पर श्रीमती शीला ने जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं श्री उपेंद्र गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों को सुनना ही नहीं, बल्कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन), सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें