ब्राह्मण और दलित समाज पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सपा नेता दिलीप यादव पर मुकदमा दर्ज
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
वायरल ऑडियो से नवाबगंज क्षेत्र में हड़कंप, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज; पुलिस कर रही जांच
कुंडा/प्रतापगढ़। ब्राह्मण, पासी और दलित समाज के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक व अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला सामने आने के बाद नवाबगंज क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताया जा रहा दिलीप यादव उर्फ भोले कथित तौर पर गाली-गलौज करता सुनाई दे रहा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी दिलीप यादव उर्फ भोले पुत्र जमुना यादव निवासी संग्रामपुर, थाना नवाबगंज के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 0172/2026 दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता रमेश सरोज की तहरीर के मुताबिक, 10 अक्टूबर को आलापुर बाजार स्थित संजय त्रिपाठी के कार्यालय में मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो सुना। आरोप है कि ऑडियो में दलित ब्लॉक प्रमुख सहित दलित समाज और अन्य जातियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित ऑडियो ग्राम संग्रामपुर के निवर्तमान प्रधान के पति ओम प्रकाश उर्फ जोखू के साथ फोन पर हुई बातचीत का है। कथित टिप्पणी से आहत लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।
एससी-एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 तथा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(1)(ट) और 3(1)(ध) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना सीओ कुंडा को सौंपी गई है। पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पीडीए के नारे पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोगों ने सवाल उठाया है कि सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के सम्मान की बात करने वाली राजनीति में कथित जातिसूचक टिप्पणी के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हालांकि, वायरल ऑडियो में कही गई बातों की प्रामाणिकता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी है। शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के निष्कर्ष और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।











