- पासी समाज की कथित अभद्र टिप्पणी पर आक्रोश, हीरागंज में जुटे सैकड़ों लोग
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
बैठक में जताई नाराजगी, आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का ऐलान
कुंडा, प्रतापगढ़। बाबागंज-कुंडा विधानसभा क्षेत्र के हीरागंज बाजार स्थित प्रकाशा देवी मैरिज हॉल में पासी समाज की बैठक आयोजित हुई। इसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने समाज के सम्मानित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता द्वारा कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने पर नाराजगी जताई। उपस्थित लोगों ने घटना की निंदा करते हुए सामाजिक सम्मान और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी समाज के सम्मानित जनप्रतिनिधियों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। वक्ताओं ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान की बात करने वाले राजनीतिक दलों को अपने कार्यकर्ताओं के आचरण पर भी ध्यान देना चाहिए।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि किसी एक कार्यकर्ता की कथित टिप्पणी के आधार पर पूरे समाज या समुदाय के बारे में धारणा बनाना उचित नहीं है, लेकिन ऐसे मामलों में संबंधित राजनीतिक दल को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि पासी समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान के प्रति जागरूक है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए जवाब देगा।
कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग रहे मौजूद
बैठक में बिहार ब्लॉक प्रमुख रामचंद्र सरोज, बाबागंज ब्लॉक प्रमुख रामयश सरोज, डेरवा चेयरमैन कुंवर बहादुर पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामकैलाश सरोज, राकेश सरोज, विष्णु गौतम, महेंद्र कुमार, प्रधान अरविंद सरोज, सुरेश सरोज, गुलेचंद्र सरोज, अखिलेश सरोज, राजू सरोज, प्रदीप सरोज, सोनू सरोज, लवलेश सरोज, राहुल सरोज, विकास सरोज, शिव बहादुर सरोज, घनश्याम सरोज और संतराम सरोज समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिलीप सरोज ने किया।











