3 साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा में एक 3 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 55 वर्षीय पड़ोसी ने बच्ची को लालच देकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, मासूम तान्या (काल्पनिक नाम) अपने खेत पर खेल रही थी। तभी गांव का ही 55 वर्षीय महेंद्र सिंह, पुत्र किशन लाल, उसके पास आया और 10 रुपए का नोट देकर उसे झाड़ियों में ले गया। बच्ची की चीख सुनकर उसका 7 वर्षीय भाई मौके पर पहुंचा और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आरोपी महेंद्र सिंह वहां से भाग निकला। बच्ची ने घर आकर अपनी मां को घटना के बारे में बताया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने पिलुआ कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
पुलिस ने मुखबिरों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने बताया कि ‘ड्राइवर बाबा’ ने उसके साथ गलत काम किया है। उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी।
मामले पर थाना प्रभारी पिलुआ, संजय राघव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मासूम बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है।












