बारिश में भीगी आस्था 14 कोसी परिक्रमा में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, भक्ति की डगर पर अडिग कदम
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
अयोध्या।
अयोध्या में चल रही 14 कोसी परिक्रमा के दौरान आसमान से बरसती बूंदों ने भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं किया। बारिश को चीरते हुए हजारों श्रद्धालु भक्ति की डगर पर आगे बढ़ते नजर आए। उनके चेहरों पर भक्ति की चमक और मन में प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा दिखाई दी। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश होती रही, लेकिन परिक्रमा में शामिल होने आए श्रद्धालुओं ने मौसम की परवाह किए बिना प्रभु श्रीराम का जयघोष करते हुए यात्रा जारी रखी। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे तक भीगते हुए परिक्रमा पथ पर कदम बढ़ाते नजर आए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह मेडिकल टीमें, पेयजल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। पुलिस और स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे हैं। 14 कोसी परिक्रमा अयोध्या की प्राचीन परंपरा है, जो हर साल अक्षय नवमी पर आयोजित की जाती है। मान्यता है कि इस परिक्रमा का पुण्य फल स्वयं भगवान श्रीराम के सान्निध्य के बराबर होता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि “बारिश तो बस ईश्वर की कृपा है, जब मन में भक्ति हो तो राहें खुद आसान हो जाती हैं।”
भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की यह अटूट आस्था एक बार फिर साबित करती है कि अयोध्या में भक्ति का प्रवाह कभी नहीं रुकता।












