एटा में प्लॉट विवाद में तनाव: नामजद लोगों ने तोड़े सीसीटीवी कैमरे, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। अवागढ़ थाना क्षेत्र के नरौरा गांव में प्लॉट विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के प्लॉट पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। नरौरा निवासी योगेश कुमार पुत्र विजयपाल सिंह ने बताया कि घटना 21 अक्टूबर को हुई थी। उन्होंने अपने खरीदे हुए प्लॉट पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, जिन्हें नामजद लोगों ने तोड़ दिया। योगेश ने कहा कि आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके चलते वे आए दिन धमकी देते रहते हैं। पीड़ित योगेश कुमार 30 अक्टूबर, गुरुवार दोपहर एसएसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी अवागढ़ थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थाना अवागढ़ प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि मामले की जानकारी है। जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












