जैथरा में युवक को सांप के काटने की आशंका: जांच में नहीं हुई पुष्टि, उपचार के बाद हालत स्थिर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जैथरा विकासखंड क्षेत्र के नगला गोवल गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक को सांप के काटने की आशंका से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैथरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सांप के काटने की पुष्टि नहीं की। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया है और उसकी हालत पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नगला गोवल निवासी रत्नेश (पुत्र रमेश चंद्र) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में धान की फसल काट रहा था। तभी अचानक उसके दाहिने पैर में किसी जीव ने काट लिया। रत्नेश के शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सीएचसी जैथरा ले गए।पीड़ित रत्नेश ने बताया कि काटने के बाद उसे काफी डर लगा, क्योंकि खेतों में अक्सर सांप दिखाई देते हैं। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुलेमान ने बताया कि युवक की गहन जांच की गई, लेकिन सांप के काटने के कोई लक्षण नहीं मिले। सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिक उपचार दिया गया और हालत सामान्य पाए जाने पर उसे घर भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने राहत की सांस ली कि समय पर चिकित्सकीय जांच से यह स्पष्ट हो गया कि मामला गंभीर नहीं था।












