मिशन शक्ति अभियान के तहत एटा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
हेल्पलाइन नंबरों, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी, पंपलेट वितरित कर किया जागरूक
संवाददाता योगेन्द् सिंह
एटा, 23 अक्टूबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में जनपद में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय तथा अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के निकट पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, वुमेन पावर लाइन 1090 और महिला हेल्पलाइन 181 के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। इसके अलावा घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों तथा महिलाओं के अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस का उद्देश्य जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के बीच सुरक्षा, विश्वास और आत्मनिर्भरता का वातावरण स्थापित करना है, ताकि वे बिना किसी भय के अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें। एटा पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए आगे आएं तथा मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।











