हीरागंज में दुकान पर बैठे व्यापारी पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडा-तलवार से मारपीट
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
रिकॉर्डिंग वायरल करने को लेकर विवाद, 12 अज्ञात के साथ दुकान में घुसकर तोड़फोड़ – लहूलुहान
कुंडा/ प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज बाजार के बलीपुर बहोरिकपुर में दिनदहाड़े दुकान पर बैठे व्यापारी पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
प्रार्थी कृष्ण कान्त द्विवेदी पुत्र रामेश्वर प्रसाद द्विवेदी, निवासी ग्राम बलीपुर बहोरिकपुर, नगर पंचायत हीरागंज बाजार, थाना महेशगंज के अनुसार घटना दिनांक 15/10/2026 को सुबह लगभग 09.20 बजे की है। वह अपने दुकान पर बैठा था तभी फार्च्यूनर, थार कार एवं बाइक से उदयप्रताप सिंह उर्फ मंटू पुत्र शिवपूजन सिंह निवासी कनावा थाना कुंडा एवं अंकित पटेल पुत्र रामचन्द्र पटेल निवासी फतूहाबाद थाना महेशगंज तथा कमलाकान्त दुबे पुत्र दशरथ दुबे निवासी बहोरिकपुर थाना महेशगंज एवं लगभग 12 अज्ञात लोग लाठी, डंडा एवं तलवार लेकर आये।
आरोप है कि माँ-बहन की गाली देते हुए बोले कि मेरी रिकॉर्डिंग कैसे वायरल कर दिये तथा उदयप्रताप सिंह ने कहा कि इस साले को जान से मार दो। प्रार्थी डरकर भागने लगा तो सभी ने एक राय होकर दौड़ाकर पकड़ लिया और सिर पर लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिये, जिससे वह भूमि पर गिर पड़ा। हत्या करने के उद्देश्य से उदयप्रताप सिंह ने तलवार से वार किया परन्तु प्रार्थी सामने से हटकर जान बचाई।
बाद इसके प्रार्थी दुकान के अन्दर भागा तो विपक्षी उदय प्रताप सिंह एवं अंकित पटेल तथा अन्य अज्ञात लोग दुकान में घुसकर मारे-पीटे, जिससे प्रार्थी लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की। आसपास के लोगों के बीच बचाव पर दोबारा मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित ने थाना महेशगंज में तहरीर देकर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।











