दिशा बैठक में मंत्री और सांसद में तीखी नोकझोंक, राहुल गांधी रहे मौन
रायबरेली। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को उस वक्त गरमा गई, जब उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा आमने-सामने आ गए। बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंत्री सिंह ने अधिकार क्षेत्र को लेकर तीखा सवाल उठाया और कहा, *”पहले ये तो जानिए कि आपके अधिकार में क्या आता है, फिर मांग रखिए!”
इस टिप्पणी पर सांसद किशोरी लाल ने भी तर्कों के साथ जवाब दिया, जिससे माहौल और गर्म हो गया। बैठक में मौजूद कांग्रेस नेता और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी इस पूरे घटनाक्रम पर शांत रहे। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी स्थिति को गहराई से समझने की कोशिश करते रहे और किसी बहस में शामिल नहीं हुए।
बैठक में जिले के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। मगर राजनीतिक बयानबाज़ी के चलते मुद्दों से ध्यान भटकता दिखा।
बैठक के बाद दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर हमला तेज करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “राहुल गांधी रायबरेली में पिकनिक मनाने आते हैं और छह महीने में सिर्फ पांच घंटे यहां बिताते हैं।”
इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है और माना जा रहा है कि यह 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद रायबरेली में कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ते सियासी तनाव का संकेत है।
ये भी पढ़ें Kaushambi: प्रेमी ने दी प्रेमिका को खौफनाक मौत, शादी की जिद में लिया खौनी फैसला












