ज्वेलर्स की दुकान में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
संवाददाता आगरा: आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित कारगिल चौराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब बालाजी ज्वेलर्स की दुकान में दो नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद जब ज्वैलर ने बदमाशों का विरोध किया, तो एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बदमाशों की नृशंसता साफ दिखाई दे रही है। यह घटना बीते कल की है, जब लगभग 10 लाख रुपये की लूट की गई थी। दुकान में घुसे दोनों बदमाशों ने पहले हथियार दिखाकर ज्वैलरी और नकदी लूटी, और भागते समय जब ज्वैलर ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उसे गोली मार दी गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आक्रोशित व्यापारियों ने विरोधस्वरूप बाजार बंद कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में हेलीकॉप्टर जैसी दिखने वाली कार जब्त













