दैनिक चक्र न्यूज़ की खबर का जोरदार असर, पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए बाबागंज विधायक और समाजसेवी
संवाददाता जिला संवाददाता अमित शुक्ला
- पन्नी के नीचे जिंदगी गुजार रहे परिवार के आंसू पोंछने पहुंचे विधायक विनोद सरोज
- 15 हजार की आर्थिक मदद, बीमार लालता प्रसाद के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा; घर तक एक किमी सड़क बनवाने का ऐलान
बाबागंज/प्रतापगढ़। घर जमींदोज होने के बाद पन्नी तानकर जिंदगी गुजारने को मजबूर परिवार की दर्दभरी तस्वीर जब दैनिक चक्र न्यूज़ के माध्यम से सामने आई तो उसका जोरदार असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने हाथ बढ़ाना शुरू कर दिया।
सोमवार को क्षेत्रीय विधायक विनोद सरोज बाबागंज ब्लॉक के कुटिलिया मजरे रायगढ़ ग्राम सभा स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने पन्नी के नीचे गुजर-बसर कर रहे लालता प्रसाद पांडेय और उनके परिवार से मुलाकात की तथा उनकी पीड़ा और समस्याओं को करीब से जाना।
विधायक ने तत्काल पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही बीमार लालता प्रसाद पांडेय के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और आवास के लिए भी हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
घर तक पहुंचेगी सड़क, विधायक ने किया बड़ा ऐलान
पीड़ित परिवार के लिए विधायक ने एक और बड़ी सौगात का ऐलान किया। उन्होंने घर तक करीब एक किलोमीटर सड़क बनवाने की घोषणा करते हुए बताया कि सड़क का सेक्शन हो चुका है। बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा। सड़क बनने से परिवार और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
भाजपा नेता ने भेजीं छह हजार ईंटें
पीड़ित परिवार की हालत देखकर धनगढ़ ग्राम सभा निवासी भाजपा नेता अखिलेश द्विवेदी भी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने परिवार के लिए छह हजार ईंटें भिजवाईं। उनके पुत्र अंतरिक्ष द्विवेदी और मैनेजर अतुल मिश्र ने पीड़ित के घर पहुंचकर ईंटें उपलब्ध कराईं।
कथावाचक देवव्रत जी महाराज ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
वहीं अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक श्री देवव्रत जी महाराज ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए सहयोग भेजा। उन्होंने अपने छोटे भाई शिवम शुक्ला को पीड़ित परिवार के घर भेजकर चार हजार ईंटों के साथ खाने-पीने की जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई।
समाजसेवी आदर्श पांडेय ने भी की मदद
डीहबलई के समाजसेवी आदर्श पांडेय ने भी पीड़ित परिवार की मदद करते हुए ईंट, खाने-पीने का सामान और कपड़े उपलब्ध कराए। लगातार बारिश के बीच खुले आसमान और पन्नी के नीचे रहने को मजबूर परिवार के लिए समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों का यह सहयोग बड़ी राहत बनकर सामने आया है।
मददगारों के बढ़ते हाथ बने उम्मीद की किरण
लगातार बारिश में अपना आशियाना गंवाने वाले इस परिवार की पीड़ा ने लोगों को झकझोर दिया है। दैनिक चक्र न्यूज़ की खबर के बाद जिस तरह जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, नेता और ग्रामीण मदद के लिए आगे आए हैं, वह मानवीय संवेदना की मिसाल है।
मुसीबत में घिरे परिवार के लिए मदद के रूप में बढ़ रहे ये हाथ सिर्फ ईंट और राशन नहीं, बल्कि एक उजड़े परिवार को दोबारा खड़ा होने की उम्मीद दे रहे हैं।













