लालगंज के समापुर गांव में पटाखों में भीषण विस्फोट, दो महिलाएं घायल; पिता-पुत्र गिरफ्तार
संवाददाता सदानंद द्विवेदी
लालगंज-अजहरा, प्रतापगढ़। लालगंज थाना क्षेत्र के समापुर गांव में बुधवार देर शाम एक मकान में रखे रेडीमेड पटाखों में भीषण विस्फोट हो गया। अचानक हुए धमाके से गांव में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायल महिलाएं अब खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समापुर गांव निवासी अनीस पुत्र कल्लू के मकान में रेडीमेड पटाखे रखे हुए थे। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे में अनम (25) और बड़का (35) घायल हो गईं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सूचना मिलने पर लालगंज और लीलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान की जांच के दौरान रेडीमेड पटाखों के 10 गत्ते बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, मकान में रखे पटाखों के भंडारण और लाइसेंस से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। बताया गया कि अनीस पहले पटाखों का लाइसेंसधारी था, लेकिन लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया था। पुलिस ने इस मामले में अनीस और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में पटाखे किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में रखे गए थे। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े मजगवा खुर्द में धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी











