मजगवा खुर्द में धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी
बलरामपुर (पचपेड़वा) संवाददाता अब्दुल मजीद।
बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा क्षेत्र अंतर्गत मजगवा खुर्द में ईशा की नमाज के बाद मौलाना अब्दुल हमीद के आवास पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हजरत मौलाना रिजवान ने अल्लाह के मुकद्दस कलाम की तिलावत से किया।
इस अवसर पर बच्चों और बच्चियों ने नात-ए-पाक पढ़कर महफिल को खुशनुमा बना दिया। मौलाना अब्दुल कादिर ने बच्चियों की पैदाइश की फजीलत पर विस्तार से तकरीर की। उन्होंने समाज में बेटियों के महत्व और उनके सम्मान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
वहीं, मौलाना इमदाद ने कुरआन और हदीस की रोशनी में इस्लाह-ए-मुआशरा (समाज सुधार) के विषय पर प्रभावशाली तकरीर पेश की। उन्होंने समाज में अच्छे आचरण, आपसी भाईचारे, नैतिक मूल्यों और धार्मिक शिक्षाओं को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन मौलाना अब्दुल कादिर की दुआ के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने धार्मिक महफिल में भाग लेकर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संदेश प्राप्त किया।











