मतदान केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता : निशांत त्रिपाठी सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजा गणपति आर. ने नगर क्षेत्र स्थित म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज एवं पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कक्ष, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें और मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखें।











