शराब के पैसों के लिए मां से झगड़ा, फिर लगाई फांसी: एटा में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, हालत नाजुक
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के चांदपुर गांव में शराब के पैसों के लिए मां से विवाद होने के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताकर हायर सेंटर सैफई रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, चांदपुर निवासी 35 वर्षीय रामकुमार दुबे ने बुधवार देर शाम शराब पीने के लिए अपनी मां से पैसे मांगे। मां के इनकार करने पर उसने घर में विवाद किया और गुस्से में आकर घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। बेटे को फंदे पर लटका देख मां ने चीख-पुकार मचाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत नीचे उतारकर वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज एटा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक शराब के नशे में था और पैसे न मिलने से आक्रोश में यह कदम उठा लिया। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












