गुझिया के रुपए मांगना दुकानदार को पड़ा महंगा, मारपीट कर की तोड़फोड़
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। गुझिया खाने के बाद 10 रुपये मांगने पर आरोपियों ने दुकानदार और उसके परिवार के साथ मारपीट की । आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। दुकानदार ने 10 लोगों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पत्थरकटा चौराहे पर राममगन निषाद की स्वीट हाउस की दुकान है। दुकानदार ने बताया कि बुधवार करीब शाम चार बजे हाफिज दुकान में गुझिया खाने आया। गुझिया खाने के बाद रुपये मांगने पर गाली गलौज करने लगा। कुछ देर के बाद आठ से 10 साथियों के साथ डंडा-लाठी लेकर आया और मारपीट करने लगा। दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। मिठाई का काउंटर पलटा दिया। अन्य सामान भी तोड़ दिया। दुकानदार ने आरोप लगाया कि दुकान में रखे 20 हजार रुपये लूट ले गए। उसे, उसकी पत्नी सोना देवी और पुत्र अमित, प्रिंस को मारापीटा। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। लूट का आरोप गलत है।
ये भी पढें एसडीएम व तहसीलदार ने की निर्वाचन संबंधी समीक्षा बैठक












