हाथरस में डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग की 93वीं जयंती पर कवि सम्मेलन और संगीत समारोह: काका हाथरसी स्मारक सभागार में देर रात तक गूंजे काव्य व संगीत के स्वर

हाथरस में डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग की 93वीं जयंती पर कवि सम्मेलन और संगीत समारोह: काका हाथरसी स्मारक सभागार में देर रात तक गूंजे काव्य व संगीत के स्वर

संवाददाता अश्विनी कुमार

हाथरस। ओड़पुरा स्थित काका हाथरसी स्मारक सभागार में पद्मश्री काका हाथरसी के सुपुत्र, प्रसिद्ध संगीतज्ञ डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग की 93वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर काका हाथरसी स्मारक समिति द्वारा बृज कला केंद्र, संस्कार भारती और राष्ट्रीय कवि संगम के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य काव्य एवं संगीत संध्या का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ अशोक गर्ग के सानिध्य में विशिष्ट अतिथियों पं. देवस्वरूप शर्मा, डॉ. रमेश गुलाठी, डॉ. राजीव लोचन उपाध्याय और डॉ. चतुरसेन ने माँ सरस्वती, काका हाथरसी एवं डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया।इस अवसर पर युवा कवयित्री उन्नति भारद्वाज को डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग स्मृति सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन आशु कवि अनिल बौहरे ने किया, जबकि अध्यक्षता श्याम बाबू चिंतन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. गर्ग के संगीत लेखन और सांस्कृतिक योगदान पर आधारित कविता से हुई। कवयित्री मीरा दीक्षित ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को सुरम्य बना दिया। इसके बाद उन्होंने ओजपूर्ण रचना “समय कह रहा हिन्दू का जगना जरूरी है, सनातन की रक्षा हित लड़ना भी जरूरी है” सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया।
हास्य कवि ग़ाफ़िल स्वामी ने अपनी रचना “बन बराती चले, हमारा मन अति फूला, उसी कार में घुस गये जिसमें बैठा दूल्हा” सुनाकर खूब ठहाके बटोरे। वहीं पूरन सागर ने “पीने वाले जो भी पीते शराब है, देखो उनकी जिंदगी खराब है” जैसी सामाजिक संदेश से भरपूर कविता प्रस्तुत की। संगीत सत्र में प्रभु दयाल दीक्षित ‘प्रभु’ ने वादन कर वातावरण को संगीतमय बना दिया, जबकि चाहत शर्मा ने अपने मधुर स्वर से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अशोक गर्ग और चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने काका हाथरसी की प्रसिद्ध कविताओं का वाचन किया, जिससे सभागार तालियों की गूंज से भर गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। अशोक गर्ग ने डॉ. सुनीता उपाध्याय, रितु गौतम, ऋषि कौशिक, अविनाश पचौरी, रूपराम शर्मा, विद्यासागर विकल, रामगोपाल दीक्षित सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में डॉ. दिनेश माहेश्वरी सहित अन्य सदस्यों ने भी अशोक गर्ग को शॉल व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जितेंद्र शर्मा और चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने संयुक्त रूप से किया।

सभा का समापन काका हाथरसी के आदर्शों और डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग की संगीत विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें