सेवानिवृत्त फायरब्रिगेड उपनिरीक्षक ने लगाई फांसी: पत्नी की बीमारी से थे परेशान, बेवर में गेराज में मिला शव
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। बेवर कस्बे के मोहल्ला ब्रह्मनान पूर्वी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां सेवानिवृत्त फायरब्रिगेड उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र (65) ने अपने म
कान के पास बने गेराज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब छह बजे एक ट्रैक्टर चालक जब गेराज से ट्रैक्टर निकालने पहुंचा तो उसने सुरेश चंद्र का शव फंदे पर लटका देखा। यह देख वह घबरा गया और तुरंत परिजनों व पड़ोसियों को सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि परिजनों के अनुसार सुरेश चंद्र पत्नी की बीमारी से मानसिक रूप से परेशान रहते थे। बताया गया कि मृतक रोजाना सुबह गेराज का ताला खोलकर दूध लेने जाया करते थे। गुरुवार को वह घर की बैठक का ताला लगाकर गेराज गए, जहां उन्होंने कुर्सी रखकर दुपट्टे से फांसी लगा ली।
मृतक के तीन विवाहित पुत्र हैं — नवनीत (35), प्रवीण (35) और अवनीत (32)। नवनीत परिवार सहित लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं, जबकि प्रवीण और अवनीत बेवर में ही रहते हैं। उनकी पत्नी मुन्नी देवी लंबे समय से बीमार हैं और इलाज के लिए लखनऊ में बड़े पुत्र के पास हैं।
घटना के समय प्रवीण और अवनीत मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












