मोमोज खाने गए युवक की बेल्टों से पिटाई: संजय नगर के पास हुई घटना, पुलिस ने कराया मेडिकल, आरोपियों की तलाश जारी
संवाददाता अमन अहमद
एटा। अंबेडकर नगर निवासी दीपेंद्र नामक युवक की बुधवार रात कुछ युवकों ने बेल्टों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस और परिजनों की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घायल दीपेंद्र ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे मोहल्ला संजय नगर के पास मोमोज खाने गया था। इसी दौरान कुछ नामजद युवकों ने उसे गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो उन युवकों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर बेल्टों से उसकी पिटाई कर दी। हमले में दीपेंद्र को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने कोतवाली नगर में तहरीर दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
कोतवाली नगर के क्राइम इंस्पेक्टर अजब सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।












