सकीट CHC में एक साल से ठप एक्सरे सुविधा: तकनीशियन न होने से मरीजों को निजी क्लीनिकों का सहारा

सकीट CHC में एक साल से ठप एक्सरे सुविधा: तकनीशियन न होने से मरीजों को निजी क्लीनिकों का सहारा

संवाददाता – धर्मेंद्र चौहान, एटा

एटा। सकीट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में लाखों रुपये की लागत से स्थापित एक्सरे मशीन पिछले एक साल से बंद पड़ी है। मशीन धूल फांक रही है और ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को जांच के लिए एटा जिला अस्पताल या निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को आर्थिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली जांच के लिए भी दूर जाना पड़ता है। दुर्घटना या हड्डी टूटने जैसे मामलों में तत्काल एक्सरे न हो पाने से इलाज में देरी होती है। मरीज प्रवीन कुमार, प्रशांत कुमार, सूबेदार सिंह और चंद्रसेन ने बताया कि अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, राम खिलाड़ी ने कहा कि सरकारी सुविधा बंद होने के कारण उन्हें मजबूरन निजी क्लीनिकों पर महंगी जांच करानी पड़ती है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने पिछले वर्ष यह एक्सरे मशीन लगाई थी। अधिकारियों ने जल्द चालू कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक तकनीशियन की नियुक्ति नहीं हो सकी।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि “एक्सरे मशीन पिछले वर्ष आई थी, लेकिन तकनीशियन न होने के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। इस बारे में कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं। उम्मीद है कि नवंबर माह के अंत तक एक्सरे सुविधा शुरू कर दी जाएगी।”

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें