एटा में खुलेआम चल रहा सट्टे का धंधा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
असरौली गांव में घर में सट्टा लगाते लोगों का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
एटा।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के असरौली गांव में सट्टेबाजों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे खुलेआम घरों में बैठकर सट्टे का काला कारोबार चला रहे हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर के अंदर सट्टा लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है, पहले भी इस अवैध सट्टे के कारोबार का विरोध किया गया था और पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि कोतवाली देहात पुलिस की मिलीभगत से यह सट्टे का खेल बेरोकटोक चल रहा है। यहां तक कि सट्टा संचालकों और पुलिस के बीच महीनादारी तय होने की भी चर्चा है। अब लोगों की निगाहें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह पर टिकी हैं कि क्या वे इस वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों के आधार पर सख्त कार्रवाई करेंगे या फिर यह अवैध सट्टे का खेल यूं ही चलता रहेगा।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो असरौली गांव का है, जो कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और वे पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












