हाथरस में ‘दृश्यम’ जैसा कांड! 30 साल बाद मकान में खुदाई, बेटे ने लगाया मां और भाइयों पर हत्या का आरोप

हाथरस में ‘दृश्यम’ जैसा कांड! 30 साल बाद मकान में खुदाई, बेटे ने लगाया मां और भाइयों पर हत्या का आरोप

मंडल संवाददाता अमित चौहान

हाथरस।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही घर के नीचे 30 साल पुरानी हत्या का राज खोलने का दावा किया है। बेटे का आरोप है कि जब वह नौ साल का था, तब उसकी मां और दो भाइयों ने गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मिलकर उसके पिता की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को घर के अंदर दफना दिया था। डीएम के आदेश पर अब प्रशासनिक और पुलिस टीम ने उसी मकान में खुदाई शुरू कराई है, ताकि सच सामने आ सके। यह पूरा मामला थाना मुरसान क्षेत्र के गांव गिंलोदपुर का है। गांव निवासी पंजाबी सिंह पुत्र बुद्ध सिंह ने जिलाधिकारी हाथरस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके पिता बुद्ध सिंह की हत्या वर्ष 1995 में उसकी मां उर्मिला देवी, दो भाइयों प्रदीप कुमार और मुकेश उर्फ खन्ना, तथा गांव के राजवीर ने मिलकर की थी।
पंजाबी सिंह का कहना है कि उस समय वह केवल नौ वर्ष का था। सर्दियों की रात में उसकी मां ने उसे घर के दूसरे हिस्से में भेज दिया था। जब वह पिता के पास वापस लौटा तो उसने देखा कि मां, भाई और राजवीर उसके पिता का मुंह कपड़े से दबाकर गला घोंट रहे थे।
इसके बाद शव को मकान के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। आरोपी परिवार ने उस समय बच्चे को धमकाकर चुप करा दिया।पंजाबी सिंह ने बताया कि वर्षों बाद जब एक दिन उसके भाई ने नशे की हालत में इस वारदात का जिक्र किया, तो उसकी पुरानी यादें ताज़ा हो गईं। उसने पूरी घटना अधिकारियों को बताई और न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी हाथरस ने जांच के आदेश दिए। उनके निर्देश पर सदर एसडीएम नीरज शर्मा पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर के भीतर खुदाई शुरू कराई। अधिकारियों ने बताया कि मकान के भीतर अब तक लगभग 15 फीट तक खुदाई हो चुकी है, लेकिन कोई अवशेष बरामद नहीं हुआ है। खुदाई का कार्य जारी है और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई नरकंकाल या हड्डियाँ मिलती हैं तो उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण इसे अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम’ जैसी वास्तविक कहानी बता रहे हैं। लोग उत्सुकता से खुदाई के परिणाम का इंतज़ार कर रहे हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें