खेत से लौटते समय हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। नयागांव थाना क्षेत्र में खेत से घर लौट रहे एक किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना ग्राम पंचायत खरसुलिया के मजरा नगला गढ़ा की है। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय मोहरपाल पुत्र रूपराम शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने खेत से घर लौट रहे थे। जब वे खरसुलिया और नगला गढ़ा के बीच स्थित अरविंद सिंह के ट्यूबवेल के पास खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोहरपाल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। शुरू में जाहिरा चोट न दिखने के कारण थाने में सूचना नहीं दी गई और उपचार के लिए उन्हें फर्रुखाबाद ले जाया जा रहा था। रास्ते में कस्बा सराय अगहत स्थित सूरज क्लीनिक पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहरपाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची नयागांव पुलिस ने आवश्यक पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को एटा मोर्चरी भेज दिया।
मृतक के पुत्र अभिषेक राजपूत ने थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नयागांव का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।












