मैनपुरी में व्यापारी ने की आत्महत्या: मिश्रा इलेक्ट्रिकल्स के मालिक फंदे से लटके मिले, बाजार में मची सनसनी
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। कुसमरा नगर के सदर बाजार स्थित गुड़ मंडी में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यापारी का शव उसकी दुकान में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गुड़ मंडी निवासी विनोद मिश्रा (50 वर्ष) पुत्र नरेंद्र मिश्रा के रूप में हुई है। विनोद मिश्रा पिछले कई वर्षों से बाजार में ‘मिश्रा इलेक्ट्रिकल्स’ नाम से दुकान चलाते थे। रोज की तरह वे सुबह दुकान पर पहुंचे थे, लेकिन कुछ देर बाद जब वे दिखाई नहीं दिए तो पास की दुकानों के लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो वे रस्सी के फंदे से लटके मिले। घटना की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और विनोद मिश्रा को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद मिश्रा सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से वे गुमसुम और चिंतित नजर आ रहे थे। लोग अनुमान लगा रहे हैं कि उन्होंने आर्थिक या मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाया होगा। बताया गया है कि उनकी पत्नी और बच्चे ग्वालियर में रहते हैं, जिन्हें सूचना दे दी गई है। वे कुसमरा के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












