सादाबाद में भीषण आग से हड़कंप: गांधी मार्केट के गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख
संवाददाता अश्विनी कुमार | हाथरस
हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जवाहर बाजार स्थित गांधी मार्केट की एक दुकान और गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम लपटों से घिर गया। इस हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। दुकान मालिक संजीव गोयल ने बताया कि यह दुकान गोदाम के रूप में उपयोग की जा रही थी। अचानक लगी आग की खबर मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और शटर तुड़वाया, लेकिन अंदर पहले से ही विकराल आग धधक रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वे असफल रहे। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया गया।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, लेकिन गोदाम का सारा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












