एटा में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, SSP डॉ. इलामारन ने रामलीला और मेला परिसर का किया निरीक्षण
जिला संवादाता काव्यांश रावत
हाथी गेट से रोडवेज बस स्टैंड तक पैदल गश्त, संदिग्धों की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
एटा। शारदीय नवरात्रि, दशहरा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह और कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के साथ रामलीला, रावण दहन स्थल और मेला परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रामलीला आयोजकों और कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों और महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हाथी गेट से रोडवेज बस स्टैंड तक पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस ने व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मेडिकल कॉलेज परिसर का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी ने अधीनस्थों को त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











