वीरनगर गांव के पास पलटी धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो लोग घायल
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के वीरनगर गांव के पास गुरुवार को धान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, वीरनगर गांव निवासी दो व्यक्ति खेत से धान निकलवाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसे घर लेकर जा रहे थे। गांव के पास मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।











