एटा में तेज रफ्तार बाइक ने बच्चे को मारी टक्कर: आरोपी चालक फरार, चार वर्षीय बालक अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। ग्राम पंचायत अहरई में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने खेल रहे चार वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बच्चा घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार तेज रफ्तार में वहाँ से गुजरा और उसने बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद बच्चे के पिता प्रेम कुमार ने उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल वह खतरे से बाहर है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी बाइक सवार की गति काफी तेज थी और हादसे के बाद वह बिना रुके भाग गया। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर जांच शुरू कर दी है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।












