कासगंज में बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों का तबादला: कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एसपी अंकिता शर्मा की सख्त कार्रवाई
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में आरक्षी, मुख्य आरक्षी और महिला कॉन्स्टेबल शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, एसपी ने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्थानांतरित करते हुए नए थानों में भेजा है ताकि कार्यप्रणाली में नवीनता और पारदर्शिता लाई जा सके। तबादला सूची में 10 महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से हटाकर जिले के विभिन्न थानों, डायल 112 यूनिट और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में तैनाती दी गई है। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों को कार्य के प्रति लापरवाही और लम्बे समय से एक ही स्थान पर रहने के कारण बदला गया है।एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि यह कदम कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने साफ किया कि जिले में किसी भी स्तर पर शिथिलता या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस विभाग में इस बड़े पैमाने के फेरबदल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जिले में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग की स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा।












