हिस्ट्रीशीटर के आतंक से परेशान परिवार ने लगाई गुहार: पैसे न देने पर की मारपीट, गांव छोड़ने की धमकी

हिस्ट्रीशीटर के आतंक से परेशान परिवार ने लगाई गुहार: पैसे न देने पर की मारपीट, गांव छोड़ने की धमकी

संवाददाता धर्मेंद्र चौहान

एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर के आतंक से परेशान परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने शराब और चिकन के लिए पैसे न देने पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की और गांव छोड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि 18 अक्टूबर को गांव के हिस्ट्रीशीटर ने उनके घर आकर पैसों की मांग की थी। इनकार करने पर उसने और उसके साथियों ने पीड़ित दंपती के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद 20 अक्टूबर को जसरथपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 107 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 30 अक्टूबर को आरोपियों को हिरासत में लिया था, लेकिन पीड़ित के अनुसार बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। आरोप है कि रिहाई के बाद हिस्ट्रीशीटर ने दोबारा घर जाकर जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी दो भाई हैं और दोनों पर एटा सहित अन्य जनपदों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसने अपनी सुरक्षा और न्याय के लिए एसएसपी से हस्तक्षेप की मांग की है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ा गया था, लेकिन गिरफ्तारी की धाराएं न होने के कारण नोटिस तामील कर घर भेज दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है।

वहीं, एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि जसरथपुर पुलिस द्वारा तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है। गिरफ्तारी की धाराएं न होने के कारण नोटिस तामील कराकर उन्हें छोड़ा गया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें