ठगी पीड़ित जमाकर्ताओं का सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू: डूबी पूंजी की वापसी को लेकर सरकार पर दबाव बनाएंगे
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। ठगी पीड़ित जमाकर्ताओं ने अपनी डूबी हुई पूंजी की वापसी की मांग को लेकर सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू किया है। एटा मुख्यालय स्थित धरना स्थल से आंदोलन का शुभारंभ किया गया। यह आंदोलन 9 नवंबर तक चलेगा और इसका समापन मथुरा में होगा।’ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार’ संगठन की अगुवाई में चल रहे इस आंदोलन का उद्देश्य सरकार पर दबाव बनाना है ताकि कल्पतरु, पर्ल्स, सहारा समेत अन्य चिट फंड कंपनियों में फंसे करोड़ों रुपये निवेशकों को वापस मिल सकें। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली। ‘बड्स एक्ट (BUDS Act)’ लागू होने के बावजूद इसका कोई प्रभाव जमीन पर नहीं दिख रहा है। धरना स्थल पर दर्जनों पदाधिकारी और जमाकर्ता एकत्र हुए और आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। उनका कहना है कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन आगे और व्यापक रूप ले सकता है।
संगठन के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार डूबी पूंजी की वापसी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं करती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।












