एटा में मानवीय पहल: ग्राम प्रधान और सभासद बने ‘पिता’, अनाथ युवती रिंकी का विवाह धूमधाम से संपन्न
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। समाज में इंसानियत और सहयोग की मिसाल पेश करते हुए एटा के मोहल्ला जगन्नाथ पुरी में एक अनाथ युवती रिंकी का विवाह ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ। बचपन में माता-पिता को खोने वाली रिंकी के विवाह में पूरे मोहल्ले ने बेटी की तरह बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। रिंकी के पिता रामनाथ और मां नीलू देवी का निधन वर्ष 2022 में हो गया था। पिता राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके गुजर जाने के बाद रिंकी और उसके तीन छोटे भाई-बहन — देवेंद्र, अरुण और कीर्ति — पूरी तरह अनाथ हो गए थे। परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए इन बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। इस कठिन समय में वार्ड नंबर 3 के सभासद माधव यादव और उनके भाई सुशील कुमार, जो चिलासनी ग्राम पंचायत के प्रधान हैं, ने बच्चों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब रिंकी विवाह योग्य हुई तो दोनों भाइयों ने समाजसेवी भावना से आगे आकर उसके विवाह की विशेष पहल की।ग्राम प्रधान और सभासद ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से विवाह की पूरी व्यवस्था कराई। हिंदू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रिंकी का विवाह विधिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान सभासद माधव यादव और प्रधान सुशील कुमार ने पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान की रस्म भी पूरी की।
शादी में सहयोग करने वाले लोगों ने नवदंपति को गृहस्थी का आवश्यक सामान — फ्रिज, कूलर, बेड, अलमारी, पंखा, टीवी, मिक्सी, कुर्सी और मेज — भेंट स्वरूप प्रदान किए। रिंकी की शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने ग्राम प्रधान व सभासद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया।












