अफ्रीका की महिला टीम ने रचा इतिहास

अफ्रीका की महिला टीम ने रचा इतिहास

रिपोर्टर : राज भूषण वर्मा


साउथ अफ्रीका ने महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंच कर इतिहास रच दिया। गुवाहाटी में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की महिला टीम को 125 रनों से हराकर दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया है।

दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने 7 विकेट पर 319 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इंग्लैंड की टीम 42.3 ओवर में 194 रनों पर ढेर हो गई। वोलवार्ट को उनकी शानदार शतकीय पारी (143 गेंदों पर 169 रन) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इंग्लैंड की पारी ढही, दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी का जलवा

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मात्र एक रन के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। मरिजाने कैप ने अपने पहले ओवर में दो विकेट लेकर इंग्लैंड को गहरा झटका दिया।

कप्तान नैट स्काइवर ब्रंट (64) और एलिस कैप्सी (50) ने चौथे विकेट के लिए 105 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद टीम पूरी तरह बिखर गई। इंग्लैंड की ओर से कोई भी बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका की सटीक गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाया।

वोलवार्ट की शतकीय पारी ने बदला मैच का रुख

वोलवार्ट ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से दक्षिण अफ्रीका की पारी को मजबूत बनाया। उन्होंने ताजमिन ब्रिट्स (45 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़े। इसके बाद कैप (42 रन) के साथ मिलकर 72 रन की साझेदारी की।

47वें ओवर में उन्होंने लिंसे स्मिथ की गेंदों पर एक छक्का और तीन चौके लगाकर 20 रन बटोरे और मिडविकेट पर छक्का लगाकर अपने 150 रन पूरे किए। इसी के साथ उन्होंने अपने 5000 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए।

फाइनल में भारत या ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत संभव

दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवरों में 117 रन जोड़े। ट्रायोन (33 नाबाद) और डि क्लर्क (11 नाबाद) ने पारी के अंतिम ओवरों में तेज़ रन जुटाकर स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। अब दक्षिण अफ्रीका का फाइनल मुकाबला भारत या ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक से होने की संभावना है।


@ ये भी पढ़ें न्यूजीलैंड ने अंग्रेजों को हराकर सीरीज किया

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें