एटा में महिला पुलिस का जागरूकता अभियान: गांव-गांव जाकर महिलाओं को सिखाई आत्मरक्षा, बताया साइबर क्राइम से बचाव के उपाय
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना अलीगंज की महिला पुलिस टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। महिला चौकी इंचार्ज मनीष यादव और कांस्टेबल मनोज कुमारी ने ग्राम फर्दपुरा, हरसिंहपुर और कालिंजर में पहुंचकर आत्मरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में महिलाएं तत्काल 112, 1090 (महिला हेल्पलाइन) या 181 (महिला सहायता नंबर) पर संपर्क करें।
अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। चौकी इंचार्ज मनीष यादव ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने आस-पास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें, ताकि समाज में सुरक्षित माहौल का निर्माण हो सके।












