हाथरस में विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई: 21 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी, लघु उद्योग पर छापा
मंडल संवाददाता – अमित चौहान
हाथरस। जिले में विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार शाम को टीम ने ग्राम जिरोली (थाना सिकंदरा राऊ) में छापा मारते हुए 21 किलोवाट की बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया।
सूचना मिलने पर विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची और पाया कि एक व्यक्ति बिना वैध विद्युत संयोजन के अपने घर की छत से निकट से गुजर रही एल.टी. लाइन से 3-कोर की केबिल जोड़कर लघु उद्योग चला रहा था। मौके पर तत्काल अवैध कनेक्शन को जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई।
टीम ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में बिजली चोरी कर उद्योग संचालित किया जा रहा था, जिससे विभाग को भारी राजस्व हानि हो रही थी। विजिलेंस की सतर्कता से इस गोरखधंधे का पर्दाफाश हो गया।
इस कार्रवाई में विद्युत प्रवर्तन दल हाथरस की टीम के सदस्य अवर अभियंता सुमित कुमार सोनी, प्रभारी उपनिरीक्षक अवधेश कुमार गौतम, आकाश यादव, मुकेश कुमार, योगेश कुमार (मुख्य आरक्षी), विनय कुमार (आरक्षी) और दीपिका यादव (महिला आरक्षी) शामिल रहे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विजिलेंस टीम की यह कार्रवाई विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के अभियान को और गति प्रदान करेगी। साथ ही ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे जो बिजली की चोरी कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं।












