पीएचसी केंद्र में बड़ा भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग और दवा वितरण में धांधली उजागर।
संवाददाता करन कुमार विश्वकर्मा प्रतापगढ़। आपको बता दें कि जनपद प्रतापगढ़ में मांधाता ब्लॉक के अंतर्गत मांधाता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्टों से पता चला है कि केंद्र में सरकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली दवाओं और अन्य सुविधाओं का व्यक्तिगत लाभ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है।
वही आपको बताते चलें कि मांधाता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मनमानी और भ्रष्टाचार का खेल खुलकर सामने आ रहा है। यहां डॉक्टरों और बाहरी मेडिकल स्टोरों के बीच कमीशन का लंबा खेल चल रहा है। मरीजों के हितों की अनदेखी कर डॉक्टर केवल उन दवाओं और जांचों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनसे उन्हें मोटा कमीशन मिलता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मांधाता पीएचसी के अधिकांश डॉक्टर बाहर की महंगी दवाएं लिखते हैं और ब्लड जांच व अल्ट्रासाउंड भी निजी पैथोलॉजी सेंटरों में करवाते हैं। गर्भवती महिलाओं से लेकर सामान्य मरीजों तक को बाहर भेजकर उनसे अनावश्यक पैसे वसूले जा रहे हैं। बताया जाता है कि महिला डॉक्टरों तक की इसमें मिलीभगत है, जो अल्ट्रासाउंड और अन्य जांचों पर कमीशन तय कर चुकी हैं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक निगरानी इस पूरे खेल पर मौन है। जिले की सीमा के अंतर्गत आने वाले कटरा गुलाब सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर नहीं है, जबकि मांधाता पीएचसी में तीन-तीन डॉक्टरों की तैनाती बनी हुई है। माना जा रहा है कि कमीशन और सुविधाजनक पोस्टिंग के लालच में कई डॉक्टर अपना ट्रांसफर मांधाता करवाते हैं।
इसके साथ ही आपको बताते चलें कि लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या और डॉक्टरों की मनमानी के कारण जनता का विश्वास सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से उठता जा रहा है। इसके अलावा यह घटना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोरियों को उजागर करती है और इस बात पर जोर देती है कि स्वास्थ्य विभाग को तत्काल हस्तक्षेप करने की आवश्यकता है। इस मामले में उच्च-स्तरीय जांच की मांग की जा रही है ताकि जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हों।
ये भी पढ़ें संदिग्ध हालत में मिली विवाहिता की हत्या — पति शेषपाल गिरफ्तार, छह अन्य पर भी मुकदमा












