अलीगढ़ से बड़ी खबर नगर निगम की सख्त कार्रवाई!
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़। नगर निगम अलीगढ़ ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, एटूजेड प्लांट परिसर में दो व्यक्ति ड्रोन से वीडियोग्राफी करते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ थाना सासनी गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि किसी भी सरकारी परिसर, कार्यालय या प्लांट क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है और यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और गोपनीयता पर खतरा उत्पन्न होता है, इसलिए प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति अपना रहा है।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों में सतर्कता बढ़ गई है और शहर के अन्य संवेदनशील परिसरों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।












