शहीद सैनिक की पत्नी से मांगी रिश्वत, मिल्कीपुर के लेखपाल को एसडीएम ने किया निलंबित
अयोध्या: शहीद सैनिक की पत्नी से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना एक लेखपाल को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन टीम द्वारा रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद मिल्कीपुर तहसील के लेखपाल वेद प्रकाश वर्मा को एसडीएम सुधीर कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मामला ग्राम बोडेपुर के रहने वाले सैनिक रामभवन की पत्नी आशा देवी से जुड़ा है। रामभवन की 30 जनवरी 2025 को एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। सेना की ओर से आशा देवी से बेरोजगार प्रमाण पत्र समेत कुछ आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे।
प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए तहसील पहुंचे परिजनों से लेखपाल वेद प्रकाश वर्मा ने 10 हजार रुपये की मांग की। मृतक सैनिक के पिता राम उजागिर यादव ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत की पुष्टि होते ही टीम ने योजना बनाकर मंगलवार को वेद प्रकाश को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीम प्रभारी सुनील कुमार की ओर से आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
ये भी पढ़ें नूडल्स पर हुआ झगड़ा, रिटायर्ड एयरफोर्समैन ने खुद को मारी गोली












