मंदिर पर रखी मिठाई बनी मौत का प्रसाद: 15 लोग बीमार, एक महिला की मौत से मचा हड़कंप
संवाददाता अश्वनी कुमार
हाथरस। जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। कासगंज रोड स्थित गांव माधुरी में देवी मंदिर पर रात में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रखी गई मिठाई ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो गई। ग्रामीणों ने सुबह इन मिठाइयों को प्रसाद समझकर आपस में बांटकर खा लिया, जिसके कुछ देर बाद ही लगभग 15 लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार, गांव माधुरी के देवी मंदिर पर गोवर्धन पूजा की रात्रि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सात डिब्बे मिठाई के रखे थे। सुबह ग्रामीणों ने इन डिब्बों को प्रसाद मानकर मंदिर परिसर में ही आपस में बांट लिया और खा लिया। कुछ ही देर बाद ग्रामीणों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। बीमारों को पहले सीएचसी सिकंदराराऊ में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते कई लोगों को आगरा रेफर कर दिया गया। इसी बीच, मुन्नी देवी पत्नी सुनील कुमार की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें बचाया नहीं जा सका — आगरा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बीमारों में रमा देवी, बृजेश बाबा, श्रीदेवी, कनक, रजनीश और मुकेश शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है। वहीं अन्य कुछ ग्रामीणों का उपचार निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को गांव पहुंची। टीम ने बीमार ग्रामीणों की हालत का जायजा लिया और मंदिर पर रखी मिठाई के सैंपल को जांच के लिए अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग यह जानने की कोशिश में हैं कि आखिर रात में मिठाई रखने वाला व्यक्ति कौन था और क्या यह किसी साजिश का हिस्सा था। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं।












