ऊँचाहार: मकान में खिड़की लगाने को लेकर हुई मारपीट, पीड़ित महिला ने कोतवाली में दी तहरीर
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली):
क्षेत्र के अम्बेडकर नगर मजरे कन्दरावा गांव में मकान में खिड़की लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिला ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने मकान में खिड़की लगवा रही थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोग मौके पर आ पहुंचे और बेवजह विवाद करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि विपक्षी झगड़े पर उतारू हो गए।
112 नंबर पर दी गई सूचना
विवाद बढ़ता देख पीड़ित पक्ष ने तुरंत यूपी 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने और मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के सामने ही जड़ा थप्पड़
पीड़ित महिला का आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद विपक्षी पक्ष के तेवर ठंडे नहीं हुए। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के दौरान ही विपक्षी के लड़के ने महिला के मुंह पर जोर से तमाचा मार दिया और बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
कोतवाली में दी गई तहरीर
घटना से आहत और डरी हुई पीड़ित महिला ने बृहस्पतिवार दोपहर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायती पत्र दिया है। पुलिस ने मामले की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
ये भी पढ़ें 15 अक्टूबर से मिठाई की दुकानों पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि प्रदर्शित करना होगा अनिवार्य











