प्रतापगढ़ के लाल रुद्रांश मिश्रा ने बढ़ाया जिले का मान, ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद 2026’ में हासिल किया प्रथम

प्रतापगढ़ के लाल रुद्रांश मिश्रा ने बढ़ाया जिले का मान, ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद 2026’ में हासिल किया प्रथम स्थान

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित, AI आधारित ‘कृषि कवच 360 डिग्री’ मॉडल को मिला पहला पुरस्कार

कुंडा, प्रतापगढ़। प्रतिभा और नवाचार के दम पर प्रतापगढ़ के एक होनहार छात्र ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र रुद्रांश मिश्रा और उनकी टीम ने ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद 2026’ में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

रुद्रांश और उनकी टीम को यह उपलब्धि उनके अभिनव प्रोटोटाइप मॉडल ‘कृषि कवच 360 डिग्री’ (AI रोवर) के लिए मिली। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने हाथों से रुद्रांश और उनकी टीम को प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

बताया जा रहा है कि कृषि क्षेत्र में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर आधारित इस मॉडल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इतना ही नहीं, विभिन्न स्टार्टअप और यूनिकॉर्न कंपनियों ने भी उनके प्रोटोटाइप में रुचि दिखाई और आकर्षक ऑफर दिए।

इस सफलता के साथ रुद्रांश मिश्रा ने अपने विश्वविद्यालय के साथ-साथ अपने पैतृक गांव नगरहन, बेधन गोपालपुर, कुंडा (प्रतापगढ़) का नाम भी रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव के लोगों, सहपाठियों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों में खुशी का माहौल है। रुद्रांश को लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।

रुद्रांश की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है कि नई सोच, तकनीकी नवाचार और मेहनत के दम पर स्थानीय प्रतिभाएं भी प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें