बांग्लादेश के मदरसे में भीषण आग, धुएं से 79 छात्र बीमार; 4 की हालत गंभीर, एक वेंटिलेटर पर

बांग्लादेश के मदरसे में भीषण आग, धुएं से 79 छात्र बीमार; 4 की हालत गंभीर, एक वेंटिलेटर पर

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास नारायणगंज स्थित एक मदरसे में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के बाद पूरी इमारत में फैले धुएं की चपेट में आने से कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए। इनमें चार छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक छात्र को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

धुएं से बिगड़ी छात्रों की तबीयत, 63 अस्पताल में भर्ती

समाचार पोर्टल बीडी न्यूज डॉट कॉम के मुताबिक, यह घटना ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर जामिया अशरफिया मदरसे में हुई। आग लगने के बाद इमारत में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे छात्रों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।

सभी प्रभावित छात्रों को इलाज के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी ले जाया गया। संस्थान के चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर के अनुसार, 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया है, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।

चार छात्रों की हालत गंभीर, एक जीवन रक्षक प्रणाली पर

डॉक्टरों के मुताबिक, 14 से 22 वर्ष की उम्र के चार छात्रों की हालत गंभीर है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। इनमें एक छात्र जीवन रक्षक प्रणाली पर है। चिकित्सकों ने बताया कि किसी भी छात्र के शरीर पर जलने के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन धुएं के कारण फेफड़ों पर असर पड़ा है और सांस लेने में परेशानी हुई है।

छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से बीमार छात्रों की स्थिति का सही आकलन करने में करीब 72 घंटे लग सकते हैं।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मदरसे का पुस्तकालय जलकर राख

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, अग्निशमन विभाग के अधिकारी शाहजहां ने बताया कि मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।

अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। छात्रों के मुताबिक, आग की चपेट में आने से दूसरी मंजिल पर स्थित मदरसे का पुस्तकालय पूरी तरह जलकर राख हो गया।

फिलहाल प्रभावित छात्रों का उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें