ऊंचाहार में रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला दलित युवक का शव, हत्या का आरोप; सांसद चंद्रशेखर आजाद ने की सख्त कार्रवाई की मांग
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के नाथीपुर मजरे रामचंद्रपुर गांव में एक दलित युवक का शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो टुकड़ों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की हत्या करने और शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
घटना की जानकारी मिलते ही आजाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए नगीना लोकसभा सांसद और आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने खुद सक्रियता दिखाई। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से स्थानीय क्षेत्राधिकारी (CO) से बात की और आरोपियों के खिलाफ तत्काल नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।











