गोवर्धन पूजा पर सीएम योगी की बड़ी अपील: ‘हर हाल में करनी है गोवंश की रक्षा, समृद्धि का मार्ग है गोसेवा‘
गोरखपुर | दीपावली के पंचदिवसीय महापर्व की कड़ी में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला में विधि-विधान से गोपूजन संपन्न किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि गाय की रक्षा, सुरक्षा और उनकी नस्ल सुधार के प्रति सरकार और समाज, दोनों को मिलकर आगे बढ़ना होगा।
मन्त्रोच्चार के बीच किया गोपूजन, दुलारे गोवंश
दीपावली से ही गोरखपुर प्रवास पर रहे मुख्यमंत्री ने सुबह मंदिर गोशाला पहुंचकर वैदिक मन्त्रोच्चार के मध्य गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गोमाता और गोवंश को पुष्पमाला पहनाई, तिलक लगाया और आशीर्वाद प्राप्त कर पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूजनोपरांत सीएम योगी ने अपने हाथों से गायों को गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान वे आत्मीयता से गोवंश को उनके नामों से पुकारते हुए दुलारते नजर आए।
गोसंरक्षण के लिए चल रहा वृहद अभियान
मिडिया से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गो-संस्कृति और गो-महत्ता को पुनर्स्थापित करने के लिए सरकार सतत प्रयत्नशील है। वर्तमान में प्रदेश की 7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश का संरक्षण और संवर्धन पूर्ण संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है।
गोसेवा के साथ आर्थिक स्वावलंबन: तीन प्रमुख योजनाएं
सीएम योगी ने गो-संवर्धन और कृषकों की आय बढ़ाने के लिए संचालित तीन प्रमुख योजनाओं का उल्लेख किया:
सरकारी गो-आश्रय स्थल: निराश्रित गोवंश के रखरखाव के लिए सरकार द्वारा direct संचालन।
सहभागिता योजना: निराश्रित आश्रय स्थलों से गाय गोद लेने वाले किसानों को प्रति गाय प्रतिमाह ₹1,500 की वित्तीय सहायता। (अधिकतम 4 गायों पर प्रति माह ₹6,000 की अतिरिक्त आय)।
कुपोषण निवारण योजना: कुपोषित परिवारों को दुधारू गाय देने के साथ-साथ उनके पालन-पोषण के लिए ₹1,500 प्रति माह की आर्थिक मदद।
सड़कों पर न हो गाय, सम्मानजनक मिले आश्रय
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि सरकार का मूल ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गाय सड़क पर लावारिस न घूमे और न ही फसलों को नुकसान पहुंचे। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर विकास विभाग (कान्हा उपवन) के माध्यम से सुदृढ़ व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
‘भारतीय संस्कृति और पुरुषार्थ का आधार है गोमाता‘
कृषि एवं ऋषि परंपरा का स्मरण कराते हुए सीएम ने कहा कि गाय भारत की आत्मा है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—इन चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का सर्वोत्तम साधन गोसेवा ही है। जिस समाज में ईमानदारी से गो-संरक्षण का प्रयास होगा, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वतः ही सहज रूप से अवतरित होगी।
‘गो-ग्रास’ निकालने की सनातन परंपरा अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी दैनिक दिनचर्या में सनातन परंपरा का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहली रोटी (गो-ग्रास) गाय के लिए और अंतिम रोटी श्वान के लिए निकालने की हमारी पुरानी परिपाटी है। जो लोग प्रत्यक्ष रूप से गाय पालने में असमर्थ हैं, वे धर्मार्थ गोशालाओं में सहयोग प्रदान कर इस पुण्य कार्य के सहभागी बन सकते हैं।











